(ब्यूरो कार्यालय)
कवर्धा (साई)। रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत अयोध्या और काशी विश्वनाथ की पवित्र यात्रा पूर्ण कर लौटे कबीरधाम जिले के 63 श्रद्धालुओं का कवर्धा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आत्मीय स्वागत किया। विधायक कार्यालय में आयोजित इस स्वागत समारोह में श्रद्धालुओं का तिलक, माल्यार्पण, शॉल और श्रीफल देकर सम्मान किया गया।
श्रद्धालुओं ने साझा किए पवित्र यात्रा के अनुभव
यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं ने अयोध्या में रामलला और काशी विश्वनाथ मंदिर के दिव्य दर्शन का अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह जीवन में अविस्मरणीय पल हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का इस अनोखी योजना के लिए हृदय से आभार जताया।
राज्य सरकार की अनोखी पहल – रामलला दर्शन योजना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा चलाई जा रही रामलला दर्शन योजना के तहत प्रदेश के श्रद्धालुओं को शासकीय सहायता से अयोध्या और काशी विश्वनाथ के दर्शन कराने की सुविधा दी जा रही है।
इस योजना के अंतर्गत —
18 से 75 वर्ष तक के छत्तीसगढ़ निवासी पात्र हैं।
योजना का लाभ जीवन में केवल एक बार मिलेगा।
यात्रा और दर्शन निःशुल्क होंगे।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का संदेश
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि आस्था और संस्कृति के संरक्षण के लिए यह योजना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि हर श्रद्धालु जीवन में एक बार रामलला और बाबा विश्वनाथ के दर्शन अवश्य कर सके।