भव्यता से मनाया जाएगा महाराजाधिराज अग्रसेन का जन्मोत्सव

सुबह वाहन रैली, शाम को शोभा यात्रा निकालेगा अग्रवाल समाज

(ब्यूरो कार्यालय)
सिवनी (साई)। अग्रकुल प्रवर्तक महाराज श्री अग्रसेन का 5180वां जन्मोत्सव को 11 अक्टूबर को जबलपुर रोड लूघरवाड़ा के अग्रसेन भवन में सिवनी अग्रवाल समाज द्वारा भव्यता से मनाया जाएगा। सुबह 10 बजे गंगानगर से भव्य वाहन रैली प्रारंभ होगी, जो मुख्य समारोह के अतिथियों को साथ लेकर शहर के प्रमुख मार्गो का भ्रमण कर लूघरवाड़ा श्री अग्रसेन भवन पहुंचेगी। यहां श्री अग्रसेन महाराज का हवन-पूजन मुख्य यजमान श्री राजकुमार-संध्या अग्रवाल द्वारा कराया जाएगा। दोपहर 1 बजे से मुख्य समारोह के मंचीय कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत, परिचय और उद्बोधन होगा। समारोह में मुख्य अतिथि श्री शैलेष कुमार अग्रवाल (आर्वी), श्रीमती शोभादेवी अग्रवाल (आकोला), विशिष्ट अतिथि श्री संतोष कुमार अग्रवाल (मुलताई), श्री लक्ष्मण प्रसाद मोदी (केवलारी) शामिल होंगे। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रवाल समाज समिति के अध्यक्ष श्री राकेश अग्रवाल (भालोटिया) करेंगे। समारोह में समाज के मेघावी छात्रों तथा विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को पारितोषिक वितरित किए जाएंगे। शाम 5 बजे दुर्गा चौक से परंपरा अनुसार गाजे-बाजे के साथ महाराज श्री की भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी जो नगर भ्रमण के बाद दुर्गा चौक में समाप्त होगी। अग्रवाल समाज समिति के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों ने सभी सामाजिकजनों से सपरिवार कार्यक्रम में उपस्थित होकर सामाजिक एकता का परिचय देने का आग्रह किया है।

नन्हें बच्चों ने फेंसी ड्रेस से दिया सकारात्मक संदेश

प्रवक्ता श्री संजय अग्रवाल ने बताया कि चार दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत 9 अक्टूबर को शाम 7 बजे से कक्षा 3 से 5वीं तक के बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। नन्हें बच्चों ने फैंसी ड्रेस के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ-साथ वन्यजीवों और जैव विविधता से समृद्ध मध्यप्रदेश की अनूठी तस्वीर को उकेरा। बच्चों ने अपनी वेशभूषा के जरिए धर्म-संस्कृति, सामाजिक व्यवस्था और परंपरा की विरासत को बहुत ही खूबसूरती से समझाने का प्रयास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अग्रवाल समाज समिति के पदाधिकारियों व वरिष्ठजनों द्वारा महाराज अग्रसेन और माता महालक्ष्मी के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत नृत्य प्रतियोगिताओं में महिला ग्रुप व युवती ग्रुप ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। इसमें दक्षिण के देवी मां पर आधारित नृत्य के अलावा अहमदाबाद प्लेन क्रैश की घटना पर आधारित ऊंची उड़ान नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई। लड़कियों की हर क्षेत्र में बढ़ती ताकत को नृत्य से प्रस्तुत किया गया। वहीं फेंसी ड्रेस प्रतियोगिता में शिव-शक्ति स्वरूप, वाल्मीकि रामायण पर आधारित प्रसंग, मातृ-पितृ की सेवा पर आधारित प्रस्तुतियां शामिल रहीं। बच्चों ने सोलर पैनल, अग्रसेन महाराज, रानी सती जी और विभिन्न पौराणिक स्वरूपों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। रील बनाओ प्रतियोगिता में ननद-भाभी, दया-जेठालाल, राजस्थानी दंपति और विभिन्न किरदारों के माध्यम से पारिवारिक रिश्तों पर आधारित रील्स के जरिए समाज को संदेश दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंच संचालन श्रीमती प्रीति विजय अग्रवाल और सुश्री अनुशिखा मिनी अग्रवाल ने किया। सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में निर्णायक के रूप में लर्न पोद्दार स्कूल के प्रबंधक श्री आनंद शर्मा तथा किड्स जी पब्लिक स्कूल की प्राचार्य श्रीमती शक्ति राय उपस्थित रहे।

खबर के प्रमुख बिंदु

• कंपनी: सिवनी अग्रवाल समाज
• आयोजन: महाराजाधिराज अग्रसेन 5180वाँ जन्मोत्सव
• स्थान: लूघरवाड़ा, अग्रसेन भवन
• मुख्य उद्देश्य: सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत का संवर्धन
• प्रमुख संकल्प/घोषणाएं: भविष्य में चार दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रखना
• लक्ष्य: युवा प्रतिभा को मंच प्रदान करना और सामुदायिक सहभागिता बढ़ाना