उत्तराखंड: साल का आखिरी पूर्ण चंद्र ग्रहण संपन्न, हरिद्वार में श्रद्धालुओं का सैलाब

(ब्यूरो कार्यालय)

हऱिद्वार (साई)। साल 2025 का अंतिम पूर्ण चंद्र ग्रहण आध्यात्मिक उत्साह और वैज्ञानिक जिज्ञासा, दोनों के साथ संपन्न हुआ। करीब 4 घंटे तक चले इस अद्भुत खगोलीय दृश्य को देखने के लिए लोग देर रात तक आकाश निहारते रहे। देशभर में चंद्रमा के इस अनोखे स्वरूप की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए।

हर की पैड़ी पर उमड़ी आस्था की गंगा

ग्रहण समाप्त होते ही हरिद्वार के हर की पैड़ी पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा में स्नान कर पुण्य अर्जित किया और भगवान विष्णु व शिव की पूजा-अर्चना की। पंडितों और धर्मगुरुओं के अनुसार, ग्रहण के बाद स्नान और दान करने का विशेष महत्व है।

आगामी सूर्य और चंद्र ग्रहण की तिथियां

अगला ग्रहण: 21 सितंबर 2025 को अमावस्या तिथि पर साल का आखिरी सूर्य ग्रहण लगेगा।

2026 के ग्रहण:

3 मार्च 2026 पूर्ण चंद्र ग्रहण (अवधि: 3 घंटे 27 मिनट) एशिया, ऑस्ट्रेलिया, प्रशांत और अमेरिका में दिखाई देगा।

28 अगस्त 2026 आंशिक चंद्र ग्रहण (अवधि: 3 घंटे 18 मिनट) प्रशांत, अमेरिका, यूरोप और अफ्रीका में दिखाई देगा।

ग्रहण का धार्मिक और वैज्ञानिक महत्व

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, ग्रहण के समय नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव बढ़ जाता है, इसलिए स्नान, मंत्र जाप और दान-पुण्य विशेष फलदायी माने जाते हैं। वहीं वैज्ञानिक दृष्टि से, चंद्र ग्रहण तब होता है जब पृथ्वी, सूर्य और चंद्रमा के बीच इस प्रकार आ जाती है कि चंद्रमा पूरी तरह पृथ्वी की छाया में ढक जाता है।