(ब्यूरो कार्यालय)
सिवनी (साई)। मध्य प्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर सोमवार को सिवनी जिले के सैकड़ों पटवारियों ने वेब जीआईएस 2.0 पोर्टल में आ रही तकनीकी समस्याओं के विरोध में प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष सुदेश ठाकुर के नेतृत्व में पटवारी कलेक्टर कार्यालय पहुँचे और प्रमुख सचिव,राजस्व विभाग,भोपाल को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।
पटवारियों ने चेतावनी दी है कि यदि इस प्रणाली में जल्द सुधार नहीं किया गया तो वे काम बंद कर देंगे। उनका कहना है कि वेब जीआईएस 2.0 पोर्टल बहुत जटिल है और इसमें लॉगिन की समस्या,सर्वर का धीमा होना,और डेटा अपडेट न होने जैसी दिक्कतें आती हैं।
किसानों पर पड़ रहा सीधा असर
इस पोर्टल की तकनीकी खामियों का सीधा असर किसानों पर पड़ रहा है। पटवारियों के मुताबिक,सिस्टम में समस्या की वजह से किसानों के लिए नामांतरण,सीमांकन,खसरा नकल,फसल बीमा सत्यापन और अन्य जरूरी काम समय पर नहीं हो पा रहे हैं। इस कारण किसान परेशान हो रहे हैं और कई बार अपनी नाराजगी पटवारियों पर निकालते हैं,जिससे सीएम हेल्पलाइन में शिकायतें बढ़ रही हैं।
पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष सुदेश सिंह ठाकुर ने कहा कि उनका विरोध सरकार के खिलाफ नहीं है,बल्कि यह कार्यकुशलता बढ़ाने और किसानों को लाभ पहुँचाने का एक प्रयास है। उन्होंने बताया कि इस सिस्टम की वजह से अधिकारियों द्वारा पटवारियों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है,जैसे कि उन्हें निलंबित करना,कारण बताओ नोटिस देना और वेतन रोकना।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन,आगे उग्र आंदोलन की तैयारी
सुदेश ठाकुर ने बताया कि सोमवार का प्रदर्शन शांतिपूर्ण था,जिसमें बड़ी संख्या में पटवारी शामिल हुए। उन्होंने चेतावनी दी कि यह आंदोलन का पहला चरण है। यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया,तो आगे जिला मुख्यालय पर धरना और फिर काम का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा,जिसकी सारी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.





