आज पदभार ग्रहण करेंगे कुमार प्रतीक

 

 

कानून व्यवस्था, स्मार्ट पुलिसिंग होगी प्राथमिकता

(अपराध ब्यूरो)

सिवनी (साई)। सिवनी के नये पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक मंगलवार 04 जून की सुबह सिवनी पहुँचकर पदभार ग्रहण करेंगे।

ज्ञातव्य है कि शनिवार की रात राज्य शासन के द्वारा जारी किये गये आदेश में 37 पुलिस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किये गये थे। इसमें सिवनी के वर्तमान पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार को कटनी का पुलिस अधीक्षक बनाया जाकर शिवपुरी के विशेष सशस्त्र बल की 18वीं बटालियन में पदस्थ कमांडेंट कुमार प्रतीक को सिवनी का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया था।

कुमार प्रतीक इंजीनियरिंग में स्नातक और बीटेक हैं। वे मूलतः झारखण्ड राज्य के रांची शहर के निवासी हैं। 01 जनवरी 1985 को जन्मे कुमार प्रतीक भारतीय पुलिस सेवा के 2012 कॉडर के अधिकारी हैं और वे पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ के पद पर भी पदस्थ रह चुके हैं।

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से चर्चा के दौरान पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक ने बताया कि वे मंगलवार को पुलिस अधीक्षक सिवनी का पदभार ग्रहण करेंगे। उन्होंने बताया कि सिवनी में कानून और व्यवस्था को बनाये रखने के साथ ही साथ जनता के सहयोग से पुलिसिंग को और बेहतर बनाना होगा।